- इमरान व उसके दो भाइयों समेत पांच के खिलाफ शहर कोतवाली में दर्ज हुई रिपोर्ट
- एसटीएफ ने छह लाख आठ हजार 300 रुपये के साथ इमरान को किया था गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शामली में छह लाख आठ हजार 300 रुपये की नकली करंसी के साथ गिरफ्तार इमरान से कई जांच एजेंसियों ने पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि नकली करंसी के इस धंधे में जुड़े आरोपियों की एक लाख की नकली करंसी को 55 हजार रुपये में बदलने की योजना थी। एसटीएफ मेरठ यूनिट के निरीक्षक की तरफ से शहर कोतवाली में इमरान व उसके दो भाइयों समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पूछताछ के बाद पकड़े गए आरोपी का चालान कर दिया। पुलिस टीमें इस मामले में फरार अन्य चार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
एसटीएफ मेरठ की टीम ने बुधवार शाम को शामली के मोहल्ला नौकुआं रोड बर्फ खाने वाली गली में मकान पर छापा मारकर 45 वर्षीय इमरान को गिरफ्तार किया था। टीम ने मकान से छह लाख आठ हजार 300 रुपये की नकली करंसी व मोबाइल फोन बरामद किया था। इनमें 100 के 1941 और 50 के 8284 नकली नोट थे। इस मामले में देर रात में एसटीएफ के निरीक्षक प्रशांत कपिल की तरफ से शहर कोतवाली में इमरान, उसके भाई तसलीम व बिलाल, इसी मोहल्ले के रहने वाले तहसीम उर्फ मोटा उर्फ तासीन और नफीस निवासी मोहल्ला खैल कस्बा कांधला के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ टीम ने शहर कोतवाली पुलिस टीम के साथ मकान पर छापा मारा तो वहां पर पांच लोग नकली करंसी की गिनती कर रहे थे। टीम को देखकर चार लोग मौके से फरार हो गए, जबकि इमरान को गिरफ्तार कर लिया गया। टीम की पूछताछ में इमरान ने बताया कि नकली भारतीय करंसी को कांधला निवासी नफीस लेकर आया था। वह कहां से लाया, इसकी उसे जानकारी नहीं है। पुलिस के मुताबिक इमरान ने बताया कि नफीस ने उससे कहा था कि नकली भारतीय करेंसी को असली भारतीय करेंसी में एक लाख के बदले 55 हजार रुपये असली लेने है। लेकिन वह अपने इन मंसूबों में कामयाब हो पाते, उससे पहले ही एसटीएफ के हत्थे चढ़ गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजीव भटनागर ने बताया कि गिरफ्तार इमरान का चालान कर दिया है। इस मामले में फरार अन्य चारोंं आरोपियों की तलाश की जा रही है।
नफीस की गिरफ्तारी से खुलेगा राज, कहां से आए नकली नोट
नकली करंसी के मामले में गिरफ्तार इमरान की बात पर यकीन किया जाए तो नकली करंसी का मुख्य सूत्रधार कांधला निवासी नफीस है। नफीस ही नकली करंसी लेकर आया था, जिसे वे गिन रहे थे। पुलिस के मुताबिक नफीस की गिरफ्तारी के बाद ही इस बात का पता चल सकेगा कि नकली करंसी कहां से लाई गई थी और नकली नोटों के इस धंधे में और कितने लोग शामिल हैं।
रात से लेकर दोपहर तक इमरान से पूछताछ में जुटी रही जांच एजेंसियां
नकली करंसी के साथ इमरान की गिरफ्तारी के बाद खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई है। रात से लेकर दोपहर तक कई जांच एजेंसियां पकड़े गए आरोपी से पूछताछ में जुटी रही। बृहस्पतिवार को स्थानीय एलआईयू, आईबी की टीम ने कई घंटे तक बंद कमरे में आरोपी से पूछताछ की। एटीएस ने भी आरोपी से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली।