शामली। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में नेत्र संक्रमण और बुखार के मरीजों की भीड़ लगी रही। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 1283 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया। इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के 105 गोल्डन कार्ड बनाए गए।
रविवार को जिले के सभी 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेला आयोजित किया गया। आरोग्य मेले में सुबह से ही मरीजों का पहुंचना शुरू हो गया था। शहर के मोहल्ला पंसारियान स्थित अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह साढ़े 11 बजे डॉ. रितु मरीजों की जांच कर रहीं थीं। उस समय तक 17 मरीज पहुंच चुके थे। इनमें पांच गर्भवती महिलाएं जांच कराने आई। दो मरीज आई फ्लू के और बाकी मरीज एलर्जी व बुखार के आए थे। दोपहर दो बजे तक 51 मरीजों की जांच कर दवा दी गई
। शहर के मोहल्ला बरखंडी स्थित अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दोपहर 12 बजे तक करीब 21 मरीज आ चुके थे। फार्मासिस्ट व अन्य स्टाफ मौजूद था, जो मरीजों की जांच कर दवा दे रहे थे। चिकित्सक उदित भटनागर के बारे में बताया कि वे अभी तक नहीं आए।
झिंझाना क्षेत्र में केरटू पीएचसी पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में डॉक्टर रेणुका ने 37 मरीजों की जांच कर उपचार दिया। उन्होंने बताया कि 80 प्रतिशत मरीज आई फ्लू के आए हैं। बाकी मरीज खाज-खुजली और बुखार आदि के रहे।
सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया सभी 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेला आयोजित हुआ। आरोग्य मेले में 25 चिकित्सक, 98 पैरास्टाफ की ड्यूटी रही। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 387 पुरुष, 604 महिला और 292 बच्चों की जांच कर दवा दी गई। इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के 105 गोल्डन कार्ड बनाए गए। सबसे ज्यादा 56 मरीज बाबरी पीएचसी पर रहे, जबकि सबसे कम 46 मरीज अरबन पीएचसी कैराना व तितरवाडा डुंडूखेड़ा पीएचसी पर आए।
- कैराना में 137 मरीजों का किया उपचार
कैराना। आरोग्य मेले के दौरान ब्लाॅक की चार पीएचसी व कैराना अर्बन पर 137 मरीजों का उपचार किया गया। रविवार को कैराना अरबन, भूरा पीएचसी, कंडेला पीएचसी, ऊंचागांव पीएचसी व तीतरवाड़ा पीएचसी पर आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। आरोग्य मेले में बुखार, नजला, खांसी, खुजली व आई फ्लू के मरीज आए। ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी अतुल गर्ग ने बताया कि कैराना अरबन पीएचसी पर 46, ऊंचागांव पीएचसी पर 18, भूरा पीएचसी पर 24, कंडेला पीएचसी पर 24 व तीतरवाड़ा पीएचसी पर 35 मरीजों की जांच के उपरांत उन्हें दवा वितरित की गई।
- 35 मरीजों को दवाईयां दी
ऊन। पिंडोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। जहां आए मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गई।
डॉक्टर जसवीर ने बताया कि आरोग्य मेले में 35 मरीज आये जिनमें ज्यादा आई फ्लू, एलर्जी व बुखार के मरीज थे जिनकी जांच कर दवाई दी गई। मेले में चिकित्सक, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट आदि स्टाफ मौजूद रहा।