शामली गुरूद्वारा तिराहे पर लगा जाम
शामली। त्योहारी सीजन में शहर के लोगों को जाम से निजात नहीं मिल पा रही है। सोमवार को शहर के बाजारों में तयोहारों की रौनक रहीए आधा घंटे से अधिक समय तक ट्रेन के आने के दौरान क्राॅसिंग बंद रहने और मुजफ्फरनगर रोड पर सड़क के बीचोबीच दो ट्रकों के खराब होने के कारण शहर आठ घंटे से अधिक समय तक जाम से जूझता रहा। पुलिसकर्मी दिनभर आवागमन को सुचारु कराने में जुटे रहे।
त्योहारों की खरीदारी में शहर के गांधी चौक से लेकर कबाड़ी बाजार, मुजफ्फरनगर रोड पर बाजार में काफी संख्या में ग्राहक पहुंच रहे हैं। कबाड़ी चौक पर दशहरे के लिए गन्ने, खील, बताशे की खरीददारी में लोग जुटे रहे। मुजफ्फरनगर रोड पर एआरटीओ कार्यालय के पास अचानक ही दो ट्रक खराब हो गए, जिसके कारण शहर में जाम लग गया। इसके अलावा सुबह करीब 11 बजे दिल्ली से सहारनपुर को जाने वाली ट्रेन आने के समय करीब 35 मिनट तक रेलवे क्राॅसिंग बंद रही, जिसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई।
नतीजन शहर के मुजफ्फरनगर रोड से लेकर मेरठ-करनाल हाईवे, शामली-दिल्ली मार्ग पर दिनभर जाम लगा रहा। जाम के कारण वाहन चालकों के अलावा एंबुलेंस भी फंसी रही। दुकानदार श्रवण कुमार, बाबूराम, राजेंद्र का कहना है कि आए दिन जाम के कारण जीना दुश्वार हो गया है। उन्होंने जाम से निजात दिलाने की गुहार लगाई है।
त्योहारी सीजन में 60 अतिरिक्त जवान रहेंगे तैनात
एसपी अभिषेक ने बताया कि त्योहारी सीजन में जाम न लगे, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। शहर के विभिन्न स्थानों पर जाम वाले प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं। इसके अलावा 60 अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाएगी। प्रयास रहेगा कि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो। एएसपी और सीओ भी जायजा लेंगे।