कैराना में मुख्यमार्ग पर सडक के बीच खडे बिजली के खंबे
- फोटो : SHAMLI
कैराना। मुख्य मार्ग पर डिवाइडर बनाने व चौड़ीकरण के बाद सड़क किनारे नए खंभे तो लगा दिए गए लेकिन पुराने खंभे अब भी सड़क के बीच में खड़े हुए हैं। इससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
चार माह पहले नगर पालिका ने कोतवाली के आगे से एसडीएम आवास पर सड़क के बीच डिवाइडर बनाने के साथ ही सड़क का चौड़ीकरण कराया था। इसमें बिजली के पुराने खंभे सड़क के बीच आ गए थे। 25 जनवरी को अमर उजाला ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद विद्युत विभाग ने आठ फरवरी को सड़क से पीछे नए खंभे लगा कर विद्युत लाइन चालू करा दी थी लेकिन पुराने खंभे सड़क के बीच ही छोड़ दिए थे। सड़क के बीच खड़े 8-10 खंभों पर लाइन तो नहीं जुड़ी है लेकिन इनसे सड़क हादसे की आशंका बनी रहती है।
कोट
- आठ फरवरी को नए खंभे लगवाने के साथ ही सड़क के बीच से खंभे हटाए जाने के निर्देश दिए गए थे। यदि खंभे नहीं हटे हैं तो बुधवार को साप्ताहिक बंदी पर खंभे हटवाने का कार्य करा दिया जाएगा।
- रविंद्र प्रकाश, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग