शामली। शहर मेें घनी आबादी के बीच मोहल्ला धर्मपुरा हलवाई हट्टा में दिनदहाड़े घर में घुसकर बदमाश नकदी व गहने समेत लगभग सात लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। उधर, चोरी की सूचना पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
शहर के मोहल्ला धर्मपुरा हलवाई हट्टा में अतुल गोयल परिवार समेत रहते हैं। अतुल गोयल कैराना के एक निजी स्कूल में कैंटीन चलाते हैं, उनकी पत्नी नेहा गोयल इसी स्कूल में शिक्षिका हैं। अतुल की मां सुदेश गोयल हनुमानधाम रोड पर पालिका मार्केट के सामने पेंट की दुकान चलाती हैं। अतुल की पुत्री लावण्य कक्षा नौ में पढ़ती है और पुत्र अर्णव कक्षा सात में पढ़ता है। रोज की तरह शुक्रवार सुबह घर के सभी लोग अपने-अपने काम पर चले गए और दोनों बच्चे स्कूल चले गए। घर के मुख्य द्वार पर बाहर की तरफ ताला लगा हुआ था। अतुल गोयल ने बताया कि दोपहर को वह अपने दोनों बच्चों को स्कूल से लेकर घर पहुंचा तो बाहर की तरफ दरवाजे पर लगा ताला खोला तो अंदर की तरफ कुंडी लगी मिली। उसने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने अपने बेटे अर्णव को बराबर में स्थित अपने चाचा के घर से ऊपर छत के रास्ते घर में भेजा। इसके बाद उसने अंदर की कुुंडी खोली। कमरे में जाकर देखा तो सेफ खुली हुई थी और सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। चोरी की सूचना पर परिवार के सभी लोग घर पहुंचे। अतुल गोयल ने बताया कि बदमाश सेफ में रखे सोने के गहने व बर्तन चोरी कर ले गए। इसके अलावा बदमाशों ने सेफ में रखी अटैची को तोड़कर करीब तीन हजार रुपये भी साफ कर दिए। अतुल गोयल ने चोरी गए सामान की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई है। उसका कहना है कि बदमाश पीछे की तरफ दीवार के सहारे छत पर पहुंचे और जीने के रास्ते नीचे घर में पहुंचे। दिनदहाड़े चोरी होने पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और घटना पर रोष व्यक्त किया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की छानबीन की। पुलिस ने जीने में रखा लोहे की वस्तु जो आगे से नुकीली थी, उसे कब्जे में ले लिया। माना जा रहा है कि बदमाश जाते समय उसे छोड़ गए, हालांकि चोरी में उसका कहीं इस्तेमाल नहीं किया गया। सीओ सिटी बिजेंद्र सिंह भड़ाना का कहना है कि चोरी की सूचना मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
मेरी तो जिंदगी भर की कमाई ले गए बदमाश
शामली। घर में चोरी होने की जानकारी मिलने पर अतुल गोयल की मां सुदेश गोयल दुकान से घर पहुंचीं तो उसके होश उड़ गए। सामान को इधर-उधर बिखरा देख उनकी आंखें भर आई। वह बार-बार यही कहती रहीं कि मेरी तो जिंदगी भर की कमाई ले गए बदमाश। घर में कुछ नहीं छोड़ा सब कुछ तो ले गए। बदमाशों ने घर में न तो बैड खंगाला और न ही अन्य कमरे में रखा सामान। यहां तक कि अतुल की बड़ी बेटी का मोबाइल भी घर में ही रखा मिला।
आसपास नहीं लगे सीसीटीवी कैमरे
शामली। मोहल्ला धर्मपुरा में जिस घर में चोरी हुई, उसके आसपास किसी घर पर सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। पुलिस ने मोहल्लेवासियों से आसपास के घरों पर सीसीटीवी कैमरे की तलाश की ताकि उसकी फुटेज देखी जा सके, लेकिन आसपास कोई कैमरा लगा हुआ नहीं मिला।
-
दस दिन में चोरी की तीन वारदातें, खुलासा किसी का नहीं
-बदमाश चोरी में मस्त, पुलिस चुनाव में व्यस्त
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में दस दिन में चोरी की तीन बड़ी वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी। लोगों का मानना है कि पुलिस के चुनाव में व्यस्त होने का फायदा बदमाश उठा रहे हैं, जिससे एक के बाद एक लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं।
दस दिन पहले 18 अप्रैल की रात को कैराना रोड स्थित स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल के अकाउंट कक्ष में घुसकर चोर चारों दराज तोड़कर छह लाख रुपये चोरी कर ले गए थे। इसके बाद चार दिन पहले सोमवार रात को चोरों ने पॉश एरिया कमला कालोनी में अधिवक्ता के संजीव गर्ग घर से एक लाख 85 हजार रुपये नकद व गहने समेत करीब दस लाख का सामान चोरी कर लिया। पुलिस इन घटनाओं का अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है कि बदमाशों ने शुक्रवार को दिनदहाड़े मोहल्ला धर्मपुरा में अतुल गोयल के घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे दी।