जिला अस्पताल में लगी मरीजाें की भीड़। संवाद
शामली। मौसम में बदलाव के साथ लोगों में त्वचा संबंधी परेशानी बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल की ओपीडी में खुजली, दाद, एलर्जी, घमोरी और लाल चकतों की शिकायत लेकर रोजाना 50 से 60 मरीज पहुंच रहे हैं। बच्चों से लेकर महिलाओं और बुजुर्गों तक में इस तरह की समस्या आ रही हैं।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. समद अली ने बताया कि गर्मी और उमस के कारण शरीर में पसीना अधिक निकलता है। पसीना लंबे समय तक त्वचा पर जमा रहने और साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखने से संक्रमण की समस्या हो सकती है। डॉ. सानिया मिर्जा ने बताया कि कुछ लोगों में खुजली, जलन, लाल चकत्ते और फंगल संक्रमण की शिकायत सामने आ रही है। तेज धूप में रहने से त्वचा झुलसने की समस्या भी हो सकती है।
डॉक्टरों ने सलाह दी है कि पसीना आने के बाद शरीर को साफ और सूखा रखें। रोजाना साफ कपड़े पहनें और संभव हो तो सूती व ढीले कपड़ों का इस्तेमाल करें। तौलिया, कपड़े और अन्य व्यक्तिगत सामान किसी के साथ साझा न करें।
तेज धूप में निकलते समय शरीर को ढककर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। त्वचा पर लगातार खुजली, लाल चकत्ते या संक्रमण की शिकायत होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लें।