व्यापारियों ने प्रदेश में लॉकडाउन लगाने की मांग की
शामली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की ऑनलाइन हुई कार्यकारिणी की बैठक में प्रांतीय पदाधिकारियों ने कहा कि देशवासियों को इस महामारी से बचाने के लिए प्रदेशभर में एक साथ लॉकडाउन लगाना ही होगा। लॉकडाउन लगने से ही कोरोना की चेन टूट सकेगी।
रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की ऑनलाइन हुई कार्यकारिणी की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग व महामंत्री तिलक राज अरोड़ा तथा प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास जैन; प्रदेश संगठन महामंत्री सुभाष चंद धीमान सभी ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए सरकार से मांग की कि पूरे देश व प्रदेश में तत्काल प्रभाव से लॉकडाउन लगाया जाना चाहिए। एक साथ लॉकडाउन लगने पर ही कोरोना संक्रमण की चेन टूटेगी। हास्पिटल पर बढ़ता मरीजों का दबाव भी कम होगा। लॉकडाउन लगने की स्थिति में प्रदेशभर के व्यापारी लॉकडाउन की गाइडलाइन का पूरा पालन करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने कहा कि व्यापारी पहले से ही आर्थिक दृष्टि से टूटा हुआ है। अर्थव्यवस्था चरमराई हुई है। ऑनलाइन बैठक में बदायूं से प्रदीप भारद्वाज प्रदेश महामंत्री युवा तिलक राज अरोड़ा, प्रदेश महामंत्री, सुभाष चंद धीमान प्रदेश संगठन महामंत्री; व विकास जैन मुरादाबाद प्रदेश कोषाध्यक्ष; व प्रमोद सिंघल प्रदेश सचिव मोदीनगर अनिल त्यागी प्रदेश उपाध्यक्ष आदि मौजूद रहे।