कैराना। देर रात ड्यूटी पर जा रहे बाइक सवार होमगार्ड की कार की टक्कर लगने से मौत हो गई थी। मामले में मृतक होमगार्ड के बेटे ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रविवार रात करीब साढ़े 9 बजे गांव बुच्चाखेड़ी निवासी 45 वर्षीय होमगार्ड बाबूराम अपनी बाइक पर सवार होकर गांव पंजीठ स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में ड्यूटी करने जा रहा था, तभी गांव पंजीठ से पहले एक कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे होमगार्ड की मौत हो गई। बाद में पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। वहीं सोमवार को गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्यामवीर सिंह ने बताया कि मृतक होमगार्ड के बेटे नीरज ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।