शामली। सावन की कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन की तैयारी तेज हो गई है। कांवड़ मार्ग पर मिट्टी डालकर समतल करने, घास और झाड़ियों की कटाई के साथ शहर में लाइट लगाने का काम शुरू हो गया है।
अगले महीने चार जुलाई से सावन माह की कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने और शिवभक्तों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। बृहस्पतिवार को नगरपालिका कर्मियों ने एसटी तिराहा से पक्की सड़क के बराबर में मिट्टी डालकर कच्ची सड़क को समतल करने का काम शुरू किया गया, ताकि कांवड़ लाने वाले शिवभक्तों को सुविधा मिल सके।
इसके अलावा सड़क किनारे खड़ी झाड़ियों और घासफूस की कटाई का कार्य भी किया जा रहा है। एसटी तिराहा से लेकर विजय चौक तक प्रकाश व्यवस्था के लिए पालिकाकर्मी बल्लियों पर लाइट लगाने के काम में लगे रहे। कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले प्रशासन तैयारी पूरी करने में जुटा हुआ है।