पंसारियान में गंदगी से बना संक्रामक रोग फैलने का खतरा
शामली। जिले में संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह चलाया जा रहा है। इसके बावजूद मोहल्लों में फैली गंदगी और जलभराव की समस्या इस अभियान की सफलता पर सवाल खड़े कर रहा है। ब्लाक रोड पर पंसारियान मच्छर पनपने से मोहल्ले में संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बना हुआ है।
संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अन्य विभागों के साथ मिलकर एक अक्तूबर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया जाता है, ताकि गंदगी में मच्छर पैदा न हो और संक्रामक रोगों पर नियंत्रण पाया जा सके। हालांकि शहर के मोहल्लों में फैली गंदगी और जलभराव की समस्या विभागीय दावों की पोल खोल रहे हैं। शहर के मोहल्ला पंसारियान ब्लाक रोड पर ढेवा बस्ती के निकट खाली प्लाटों में जलभराव की समस्या के साथ कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। मोहल्लेवासियों का कहना है कि गंदगी और जलभराव से मच्छर पैदा हो रहे हैं, जिस कारण संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बना हुआ है।
ये बोले मोहल्लेवासी
मोहल्ले के निकट खाली पड़े प्लाटों में काफी समय से गंदा पानी भरा हुआ है। जलभराव होने से मच्छर पनप रहे हैं, जिस कारण बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
-अर्जुन कुमार।
मोहल्ले में जगह-जगह गंदा पानी भरा हुआ है। नगरपालिका को भी कई बार जानकारी दी गई, लेकिन पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं हुई है। इससे रोग बढ़ने का डर बना रहता है।
- सचिन कुमार।
खाली प्लाट में खुले में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिसमें दुर्गंध उठ रही है। इससे वहां से गुजरना भी मुश्किल होता है, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
- राहुल कुमार।
मोहल्ले में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं है। खाली प्लाट में पानी भरा हुआ है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसमें मच्छर पैदा हो रहे हैं, जिससे बीमारियां होने का डर लगा रहता है।
-नीतू।
मोहल्ले के निकट खाली प्लाट में पानी भरा हुआ है। इसमें मच्छर पैदा हो रहे हैं। इससे खुजली व बुखार आदि रोग पनप रहे हैं। इसका समाधान होना चाहिए।
-मेमकला।
कोट
पंसारियान में ब्लाक रोड पर खाली प्लाट में जलभराव व गंदगी की शिकायत नहीं मिली है। इसकी जांच कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
- सुरेंद्र सिंह, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका।