शामली। जिले का दमकल विभाग स्टाफ और संसाधनों की कमी से जूझ रहा है। जिले की 15 लाख की आबादी का जिम्मा दमकल विभाग के मात्र 38 कर्मियों के कंधों पर है। मात्र चार गाड़ियों के सहारे ही जिलेभर में आगजनी की घटना पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। तंग गलियों में आगजनी पर अंकुश पाने को बाइक तक की सुविधा दमकलकर्मियों के पास नहीं है। अब विभागीय अधिकारियों ने दिवाली तक कर्मियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है।
सर्दी शुरू होते ही आगजनी की घटनाएं भी बढ़ जाती है। दिवाली पर भी आग लगने की घटनाएं हो जाती है। आगजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की अहम जिम्मेदारी दमकम विभाग के कर्मचारियों के कंधों पर होती है। मगर जिले में दमकल विभाग में 38 कर्मचारी तैनात हैं, जिनमें एक मुख्य अग्निशमन अधिकारी, 24 फायरमैन, 4 चालक , 5 लीडिंग फायरमैन, एक अग्निशमन अधिकारी है। आग पर काबू पाने के लिए चार गाड़ियां है, जिन्हें ऊन, कांधला, कैराना और अन्य स्थानों पर भी भेजा जाता है। विभाग के पास बाइक नहीं होने के कारण शहर की तंग गलियों में यदि आग लग जाती है तो गाड़ियां नहीं पहुंच पाती है, जिसके कारण आग बुझाने में भी देरी होती है। अग्निशमन अधिकारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि स्टाफ और संसाधन के लिए अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रयास रहेगा कि दिवाली के दौरान आगजनी पर तुरंत अंकुश लगाया जाए। इसके अलावा बाइक की मांग को लेकर भी विभागीय अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है।
जल्द मिल सकती है नए दमकम केंद्रों की सौगात
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ऊन, कंडेला और पुलिस लाइन के पास नए दमकल केंद्रों के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। जमीनों की तलाश की जा रही है। अनुमति मिलते ही नए केंंद्रों का निर्माण शुरू कराया जाएगा। शामली में कोतवाली के पास वर्षों पुरानी बिल्डिंग में केंद्र चल रहा है, जो जर्जर भी हो चुका है।
.ले की इन तंग गलियों में नहीं पहुंच पाएगी दमकल की गाड़ियां
शिव चौक के पास, कबाड़ी बाजार, हलवाई हट्टा, नेहरु मार्केट, नया बाजार नाले की पटरी, कैराना, कांधला, थानाभवन और झिंझाना के कई मोहल्लों में।
.जिले में यहां हो चुकी पूर्व में आगजनी की घटनाएं
तीन साल पूर्व कबाड़ी बाजान में दुकान में दिवाली से पूर्व आग लग गई थी, जिससे लाखों का सामान जलकर राख हो गया था। तंग गली होने के कारण दमकल विभाग परेशानी हुई थी।
2021 में मिल रोड पर इलेक्ट्रोनिक की दुकान में आग लग गई थी। किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका था।
2022 में भैंसवाल रोड स्थित डंपिंग ग्राउंड में लगे कूड़े के ढेर में पटाखे की चिंगारी से आग लग गई थी। सूचना पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची थी और आग पर काबू पाया था।
त्योहारी सीजन के चलते दमकल कर्मियों की छुट्टियां रद्द
दिवाली पर्व पर अक्सर आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं। इस पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। विभाग के 38 कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। सभी को 24 घंटे अलर्ट रहने को कहा गया है। हालांकि, आपातकाल में छुट्टियां दी जाएगी। हालांकि फायर ब्रिगेड सूचना मिलने के 5 से 10 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच जाएगी। 101 नंबर पर कॉल कर सूचना दी जा सकती है।
दिवाली पर्व के नजदीक आने के चलते दमकल कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई है। कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया गया है। सभी कर्मचारियों की 12-12 घंटे की ड्यूटी लगा दी गई है।
सतेंद्र कुमार, अग्निशमन अधिकारी शामली