शामली। अंकित की हत्या के बाद गमजदा उनके पिता सतवीर ने कहा कि पुलिस ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार दिन का समय मांगा है। एक दिन वह अपनी तरफ से भी दे रहे हैं। यदि पांच दिन में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो छठे दिन वह अपनी एफआईआर वापस लेने और खुद बेटे की हत्या का बदला लेने के लिए मजबूर होंगे।
पत्नी बोली- 2022 में पति को मिली थी धमकी, बदमाशों का हो एनकाउंटर
शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की पत्नी सीमा ने बताया कि 2022-23 में उनके पति अंकित को फोन पर धमकी मिली थी। एक या दो बार फोन आया था। उसकी शिकायत हरियाणा में पुलिस से शिकायत की गई थी। इसके बाद से किसी तरह की कोई बात नहीं हुई। हाल-फिलहाल में कुछ नहीं हुआ। अब अचानक से सब कुछ हो गया। उन्होंने कहा कि जल्दी से जल्दी इन्साफ मिलना चाहिए। बदमाशों ने जिस तरह से उनके पति की हत्या की, उनका भी एनकाउंटर होना चाहिए। 24 घंटे बाद भी पुलिस अभी कुछ नहीं कर पाई।
नौ गोली मारकर की गई अंकित की हत्या
शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान के शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल ने किया। पोस्टमार्टम से पहले शव का एक्सरे कराया गया। बताया गया है कि अंकित के सिर, छाती, पेट व पैर में नौ गोली लगी थी, जिससे उनकी मौत हुई।
एडीजी व डीआईजी ने ली अधिकारियों की बैठक
शामली/थानाभवन। हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद बुधवार रात में एडीजी भानु भास्कर ने शहर कोतवाली में पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में शामली के अलावा मुजफ्फरनगर व बागपत के पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों को जल्द हत्याकांड का खुलासा करने के निर्देश दिए। उधर, इस हत्याकांड में मेरठ की एसटीएफ के अलावा शामली व आसपास के जनपदों की पुलिस टीमों को लगाया गया है। हरियाणा में पुलिस की कई टीमें लगी है। उधर, बृहस्पतिवार को थानाभवन थाने पर डीआईजी अभिषेक ने पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह व अन्य अधिकारियों की बैठक ली और हत्याकांड में प्रगति, संदिग्धों से पूछताछ और अब तक जुटाए गए साक्ष्यों की जानकारी दी। डीआईजी ने पुलिस टीमों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
बोले जनप्रतिनिधि
पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री संजीव बालियान बृहस्पतिवार को गांव बंतीखेड़ा पहुंचे और अंकित के परिजनों से मिलकर हत्या पर दुख व्यक्त किया। इस तरह की वारदात होना पुलिस-प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। इस मामले में हरियाणा पुलिस प्रशासन से भी बातचीत की जाएगी और दोनों राज्यों की पुलिस मिलकर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की तर्ज पर अंकित बालियान की हत्या की गई। पुलिस प्रशासन को इस मामले में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि अपराधियों में कानून का डर पैदा हो। उन्होंने कहा कि परिवार के साथ वह पूरी तरह खड़े हैं और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव स्तर पर प्रयास किया जाएगा।
पूर्व मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि कलाकार अंकित बालियान की निर्मम हत्या अत्यंत पीड़ादायक एवं निंदनीय है। इस जघन्य घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिजनों को आश्वस्त किया कि दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
भाजपा एमएलसी मोहित बेनीवाल व चरथावल से कांग्रेस विधायक पंकज मलिक ने भी अंकित बालियान की हत्या पर दुख व्यक्त किया और पीड़ित परिजनों को ढाढ़स बंधाया।
अंकित के लिए सोशल मीडिया पर आक्रोश, दस हजार से अधिक पोस्ट
अंकित हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों में आक्रोश है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स समेत विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दस हजार से ज्यादा पोस्ट साझा की जा चुकी हैं। लोगों ने बदमाशों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।