कैराना। नगर पालिका के लिपिक जहांगीर सिद्दकी ने बताया कि शुक्रवार शाम नगर के वार्ड नंबर 13 में रहने वाला युवक अपने दो साथियों के साथ उसके कार्यालय में आया और जन्म प्रमाणपत्र बनाने को कहने लगा। बताया गया कि जन्म प्रमाणपत्र के आवेदन में लगाए गये दस्तावेज फर्जी है। जिस पर आरोपी आग बबूला हो गया तथा गाली गलौज व अभद्रता करते हुए देख लेने की धमकी दी। आरोपी उसके हाथ से फर्जी दस्तावेज छीन कर ले गया। एक कागज उसके पास रह गया। शनिवार सुबह नगर पालिका के कर्मचारियों ने इकट्ठा होकर रोष जताया। कर्मचारियों ने कुछ देर के लिए अपने कार्यालयों पर ताले लगाकर बंद कर दिए। बाद में लिपिक ने साथियों के साथ तहसील दिवस पहुंचकर एसडीएम स्वप्निल यादव व सीओ श्याम सिंह को आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ ने कोतवाली पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।