अमलापुर में सबमर्सीबल से निकले गर्म पानी के बारे में जानकारी देते लोग । संवाद
- फोटो : रायबरेली में सोमवार को सीएचसी में भर्ती महिला।
शामली/चौसाना। चौसाना के मजरे अमलापुर में सबमर्सिबल से गर्म पानी निकलने का रहस्य बना हुआ है। रात में सबमर्सिबल का मोटर फुंक गया, लेकिन रस्सी के सहारे बोतल से पानी निकाला तो वह भी गर्म निकला। उधर जल निगम के अधिशासी अभियंता फूल कुमार ने शाम को विभाग की टीम मौके पर भेजी है। टीम ने पानी का नमूना लिया है। नमूने की प्रयोगशाला में मंगलवार को जांच की जाएगी।
मजरा अमलापुर में सबमर्सिबल के बोरिंग से आठ दिन से गर्म पानी निकल रहा है। यह सबमर्सिबल कपिल के यहां करीब 15 साल से लगा हुआ है। अभी तक इसमें सामान्य पानी निकल रहा था। इस बोरिंग से सात फुट दूर दीवार के दूसरी तरफ लगे सबमर्सिबल से पानी सामान्य निकल रहा है। रविवार रात को सबमर्सिबल की विद्युत मोटर चलते हुए अचानक बंद हाे गई। सोमवार सुबह इलेक्ट्रीशियन को बुलाया। उसने मोटर को निकालकर देखा तो मोटर फुंकी हुई मिली। इलेक्ट्रीशियन ने कहा कि मोटर अधिक गर्म होने की स्थिति में पानी का तापमान बढ़ सकता है। इलेक्ट्रीशियन ने रस्सी में बोतल बांधकर बोरिंग से सीधे पानी निकालकर जांच की तो वह गर्म पानी निकला। ग्रामीणों का मानना है कि गर्म पानी की वजह से मोटर फूंकी है। यह मामला चौसाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। मोटर की वाइडिंग होने के बाद सबमर्सिबल में लगाया जाएगा। जल निगम के अधिशासी अभियंता फूल कुमार ने बताया कि जांच के बाद पानी की गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पानी गर्म होना पृथ्वी की आंतरिक उष्मा का परिणाम
भूगोल की दृष्टि से गंगा- यमुना का मैदान संवेदनशील है तथा भूगर्भीय क्रियाएं यहां निरंतर घटित होती हैं। जैसे-जैसे बोरिंग की गहराई बढ़ती है, पृथ्वी के अंदर का तापमान स्वाभाविक रूप से बढ़ता जाता है। गहरी बोरिंग में भूजल इस प्राकृतिक गर्मी को अवशोषित कर लेता है, जिससे पानी गुनगुना या गरम महसूस होता है। यह किसी खराबी का संकेत नहीं, बल्कि पृथ्वी की आंतरिक उष्मा का परिणाम है।
-अर्शी खान असिस्टेंट प्रोफेसर भूगोल विभाग वीवी पीजी कॉलेज शामली।
भूतल में हॉट स्प्रिंग (गर्म पानी का झरना) होता हैं। हो सकता है कि हॉट स्प्रिंग बोरिंग के पाइप में मर्ज हो गया, जिस कारण गर्म पानी निकल रहा है। इस मामले में वे वरिष्ठ अधिकारियों से भी चर्चा करेंगे।
- आशीष चौधरी, अधिशासी अभियंता, भूगर्भ जल विभाग सहारनपुर