कांधला। श्री कृष्ण जन्मभूमि मथुरा के मुख्यवादी और पक्षकार कांधला के रहने वाले पंडित आशुतोष पांडे को देर रात पाकिस्तान के अज्ञात नंबर से कॉल कर हाईकोर्ट में तारीख पर जाने के दौरान बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। दहशतजदा मुख्य वादी ने पुलिस से मामले की शिकायत की है।
श्री कृष्ण जन्म भूमि मथुरा के मुख्य वादी और श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित आशुतोष पांडे कांधला के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार की रात करीब 9:30 बजे उनके पास पाकिस्तान के नंबर से कॉल की गई। कॉल करने वाले ने उन्हें मंदिर और शाही मस्जिद ईदगाह के चल रहे विवाद में पीछे हटने की धमकी दी।
साथ ही कहा कि यदि वह पीछे नहीं हटे तो 19 नवंबर को हाईकोर्ट में तारीख पर ही बम लगाकर उनकी हत्या कर दी जाएगी। शव का भी पता नहीं लगेगा। पीड़ित का आरोप है कि बीते जनवरी माह में भी उन्हें पाकिस्तान से धमकी दी गई थी। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।