मुस्तफा हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
शामली। झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव वेदखेड़ी के जंगल में 15 दिन पहले गोली मारकर वृद्ध की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी विजयपाल को गिरफ्तार किया है।
मुजफ्फरनगर के मूल निवासी मुस्तफा (65) अपने बेटे अफजाल उर्फ गुड्डू के साथ पिछले कई साल से कस्बा झिंझाना में बस स्टैंड के निकट मोहल्ला तलाही में किराये के मकान में रहता था। वह 29 जनवरी की शाम लापता हो गया था। उसके बेटे गुड्डू की तरफ से झिंझाना थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई गई। एक फरवरी को गांव वेदखेड़ी के जंगल में मुस्तफा का गोली लगा शव मिला था। मृतक के पुत्र अफजाल की तरफ से चार आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस बाबत एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी विजयपाल निवासी मोहल्ला तलाही घटना के बाद से फरार था। झिंझाना पुलिस ने शनिवार रात सूचना के आधार पर आरोपी विजयपाल को केरटू-ओदरी मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद हुआ।