शामली। प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व का निर्माण करने में विद्यालयों के वातावरण की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं से कहा कि वे जीवन में इसी तरह आगे बढ़कर अपने माता पिता का नाम रोशन करते रहे।
सोमवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज शामली में मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान (2020) टैबलेट एवं पुरस्कार राशि वितरण समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जनपद के हाईस्कूल व इंटर के 22 मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट व 21 हजार के चेक की राशि पुरस्कार स्वरूप दी गई। गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि बच्चे का निर्माण करने में प्रधानाचार्य, अध्यापक और वहां के विद्यालय के वातावरण की अहम भूमिका होती है। जिन बच्चों के पास संसाधन नहीं हैं, जो अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कोचिंग प्राप्त नहीं कर पा सकते हैं। ऐसे सभी छात्रों के लिए प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना शुरू की है।
सदर विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने कहा कि जबसे प्रदेश में योगी सरकार बनी है जब से शिक्षा के क्षेत्र में बहुत बड़ा बदलाव आया है। पूर्ववर्ती सरकारों में शिक्षा पर ध्यान नहीं दिया गया। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत सभी स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो रही है। डीआईओएस सरदार सिंह ने बताया कि वर्ष 2020 में हाईस्कूल में 12 और इंटर में 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट व प्रत्येक छात्र-छात्रा को 21 हजार के चेक की राशि पुरस्कार के रूप में वितरित की गई। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष जितेंद्र तोमर, एडीएम संतोष कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमित मलिक ने किया।