शामली। भाई दूज की छुट्टी के दिन जिला अस्पताल आधे दिन खुला। सुबह 11 बजे तक ओपीडी में मरीजों की चिकित्सकों ने जांच कर उपचार दिया। ओपीडी में 200 से ज्यादा मरीज पहुंचे। त्वचा रोग विशेषज्ञ और सर्जन क अवकाश पर होने से मरीज परेशान रहें।
बुधवार को गोवर्धन और बृहस्पतिवार को भाई दूज के कारण जिला अस्पताल में सुबह आठ बजे से 11 बजे तक ओपीडी खुली। ओपीडी में मरीजों ने पहुंचकर इलाज पाया, लेकिन कई विशेषज्ञ चिकित्सक न होने से मरीजों को समुचित उपचार नहीं मिल सका। बृहस्पतिवार को ओपीडी में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार, डॉ. समद अली, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रामनिवास, डॉ. सानिया, ईएनटी डॉ. अंजली तंवर, नेत्र परीक्षण अधिकारी राजकुमार ने मरीजों की जांच की।
इसके अलावा त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. कर्मवीर, सर्जन डॉ. नरेश सैनी, दंत चिकित्सक अर्चना शर्मा, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राघव अग्रवाल अवकाश पर रहें। कई चिकित्सकों के अवकाश पर होने के कारण मरीज इलाज के लिए भटकते मिले। शामली निवासी मेहरबान ने बताया कि उसे खाज खुजली की समस्या बनी है, लेकिन चिकित्सक न मिलने से दूसरे चिकित्सक ने दवा दी है।
कांधला निवासी इस्तकार ने बताया कि उसके हाथ पर गांठ बनी हुई है, लेकिन सर्जन को छुट्टी पर होना बताया है। अब उसे फिर से अस्पताल आना पड़ेगा। अस्पताल में ओपीडी में लगभग 125 मरीजों ने नए पर्चे बनवाकर इलाज पाया जबकि 75 से ज्यादा मरीज पुराने पर्चे पर इलाज कराने पहुंचे।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि छुट्टी के दिन जिन चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई थी, वे सभी मौजूद रहें। कई अन्य चिकित्सक अवकाश पर रहें। अस्पताल में आए सभी मरीजों की जांच कर दवा दी गई हैं।