गुजरात से लौटे युवक का स्वास्थ्य टीम ने लिया सैंपल
शामली। शामली के एक मोहल्ले में गुजरात से लौटे युवक में कोरोना के संदिग्ध लक्षण मिलने पर स्वास्थ्य टीम ने घर पर जाकर सैंपल लिया है। युवक को जांच रिपोर्ट आने तक उसे घर पर रहने की सलाह दी गई है।
शुक्रवार रात स्वास्थ्य विभाग को शामली के एक मोहल्ले के लोगों ने सूचना दी कि उनके मोहल्ले में एक युवक कई दिन से गुजरात से अपने घर आया हुआ है। युवक कई साल से घर से बाहर रह रहा था। युवक कई दिन से खांसी जुकाम से पीड़ित है। डॉक्टरों से परिजनों ने दवा दिलाई, लेकिन उसे आराम नहीं आया। गुजरात से आने के बाद युवक को बुखार भी आया था। इस सूचना पर रात में ही स्वास्थ्य टीम युवक के घर पहुंची और काउंसिंलिंग की। स्वास्थ्य टीम ने युवक को खांसी और जुकाम होने के कारण कोरोना के संदिग्ध लक्षण मानते हुए युवक के सैंपल लिए।