बाबरी/थानाभवन। गांव बाबरी में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाबरी-भंदौड़ा मार्ग और कैड़ी बस स्टैंड क्षेत्र में दो क्लीनिक सील किए। दोनों स्थानों पर दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए चिकित्सकों को तीन दिन का समय दिया गया।
सहायक नोडल अधिकारी दीपक कुमार के नेतृत्व में टीम पहले बाबरी-भंदौड़ा मार्ग स्थित चिकित्सक के क्लीनिक पर पहुंची। टीम के पहुंचने की जानकारी मिलते ही चिकित्सक क्लीनिक छोड़कर चले गए। इसके बाद टीम ने क्लीनिक पर सील लगा दी। इसके बाद टीम कैड़ी बस स्टैंड स्थित बाबरी-हिरनवाड़ा मार्ग पर मस्जिद के पास क्लीनिक पर पहुंची। टीम को देखकर यहां भी चिकित्सक शटर गिराकर मौके से चला गया। टीम ने क्लीनिक को सील कर दिया।
डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि संबंधित संचालकों को अपना रजिस्ट्रेशन और अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है।
उधर, कस्बा थानाभवन के घास मंडी स्थित मेडिकल स्टोर पर राज मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि संचालक टीम के समक्ष कोई वैध पंजीकरण अथवा संबंधित कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद मेडिकल स्टोर को सील कर दिया।