शामली। असदपुर जिड़ाना प्राथमिक विद्यालय में वित्तीय अनियमितता का गंभीर मामला उजागर हुआ है।
बीएसए लता राठौर के निरीक्षण में सामने आया कि विद्यालय को खेल और शिक्षण सामग्री खरीदने के लिए एक साल में 90 हजार रुपये का बजट मिला, लेकिन प्रधानाध्यापक अविश कुमार शर्मा ने सामग्री खरीदे बिना खर्चा दिखा दिया। बीएसए ने प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है।
बीएसए लता राठौर ने बताया कि विद्यालय को पूरे वर्ष के लिए 90 हजार रुपये का बजट आवंटित किया गया था, लेकिन प्रधानाध्यापक अविश कुमार शर्मा ने इस राशि का खर्च तो दिखा दिया, परंतु स्कूल में न तो कोई शिक्षण सामग्री खरीदी और न ही खेलकूद का सामान खरीदा गया।
पूर्व प्रधानाध्यापक ब्रिजेश शर्मा की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जांच में यह भी पता चला कि मिड-डे मील का खाता पुराने नियमों के तहत संचालित हो रहा था और वर्ष 2017 से स्कूल में शिक्षकों को कोई स्टेशनरी नहीं दी गई थी। बीएसए ने बताया निरीक्षण के दौरान रसोइयों और शिक्षकों से बातचीत में यह भी सामने आया था कि लंबे समय से विद्यालय में खेल और शिक्षण सामग्री की कमी थी।