शामली। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने ऑनलाइन व्यवस्था को लेकर 14 अक्तूबर को बंद का आह्वान किया है, मगर उससे पहले ही दवा विक्रेताओं में गुटबाजी हो रही है। शामली केमिस्ट एसोसिएशन का कहना है कि वह अपने प्रतिष्ठान बंद नहीं रखेंगे, क्योंकि सरकार से उनके संगठन के उच्च पदाधिकारियों की सार्थक बातचीत चल रही है।
शामली केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष देवराज सिंह मलिक ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सोमवार को इस सिलसिले में एसोसिएशन के पदाधिकारियों की मीटिंग हुई। उसमें फैसला लिया गया कि 14 अक्तूबर को अपने प्रतिष्ठान बंद नहीं करेंगे।
देवराज मलिक ने कहा है कि दवा व्यापार को बंद करने की घोषणा कुछ लोगों ने राजनीतिक हित से की है।
केमिकल एंड फर्टिलाइजर मंत्रालय द्वारा सभी प्रदेशों के औषधि नियंत्रक और संगठनों को आदेश दिया है कि कोई भी अनियमितता नहीं होनी चाहिए।
मंत्रालय से संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की वार्ता हुई है तथा उसके सार्थक परिणाम आने की उम्मीद है। ऐसे में दवा व्यापार को बंद कर आंदोलन करने की आवश्यकता नहीं है। इस दौरान अन्य दवा व्यापारी भी मौजूद रहे।