-28 में से मात्र 7 सभासद ही पालिका पहुंचे, नाराज सभासदों ने सम्मान न करने का लगाया आरोप
कैराना। नगर निकाय चुनाव के बाद नगर पालिका की पहली बोर्ड बैठक में एक तिहाई भी सभासद नहीं पहुंच सके। कोरम पूरा न होने कारण बैठक स्थगित कर दी गई। बोर्ड बैठक में न पहुंचने वाले नाराज सभासदों ने पालिकाध्यक्ष पर सम्मान न करने का आरोप लगाया है।
नगर निकाय चुनाव में कैराना पालिका अध्यक्ष पद पर शमशाद अहमद अंसारी निर्वाचित हुए थे। इनके साथ ही 28 वार्डाें में 28 सभासद भी निर्वाचित हुए थे। नगर पालिका परिषद के लिए बने नए बोर्ड की पहली बोर्ड बैठक बुधवार को होनी थी। इस बैठक में वार्डाें, नगर में होने वाले विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये का बजट सर्वसम्मति से पास किया जाना था। बुधवार सुबह 11 बजे पालिका सभागार कक्ष में बोर्ड बैठक शुरू होनी थी, लेकिन सवा 12 बजे तक 28 में से मात्र 7 सभासद ही नगर पालिका पहुंचे।बोर्ड बैठक के लिए एक तिहाई बहुमत यानी 10 सदस्यों की मौजूदगी होनी जरूरी थी। बताया गया कि कुछ सभासद पालिका अध्यक्ष से किसी बात पर नाराज चल रहे हैं, जिस कारण वेे बोर्ड बैठक में नहीं पहुंचे। दोपहर करीब सवा 12 बजे पालिका अध्यक्ष शमशाद अहमद अंसारी ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से बोर्ड बैठक स्थगित की गई है। मेरी ओर से कोई नाराजगी नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ सभासदों के नाराज होकर देहरादून जाने की उन्हें जानकारी नहीं है। सलाह मशवरा कर अगली बोर्ड बैठक की तारीख तय की जाएगी।
कोट
किसी कारणवश बोर्ड बैठक नहीं हो पाई। अपरिहार्य कारणों से आज की बोर्ड बैठक स्थगित की गई है। आगामी बोर्ड बैठक की तिथि तय कर जानकारी दी जाएगी। -अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह
- बोर्ड बैठक से पहले कार्य योजना की लिस्ट वायरल
पालिका की बोर्ड बैठक से पहले 15वें वित्त एवं राज्य वित्त व बोर्ड फंड के अंतर्गत खर्च की जाने वाली धनराशि की लिस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। लिस्ट में नगर के सभी 28 वार्डाें में किए जाने वाले विकास कार्यों का उल्लेख किया गया है। साथ ही लिस्ट में पालिका की ओर से खरीदे जाने वाले उपकरणों की संख्या व धनराशि का भी उल्लेख किया गया है। इंटरलॉकिंग, आरसीसी नाला निर्माण वाटर कूलर सहित अन्य विकास कार्यों में खर्च होने वाले सामानों की कीमत भी वायरल लिस्ट में दो से तीन गुने दामों में खरीदा जाना बताया गया है। वहीं दो से तीन गुने दामों में सामान खरीदे जाने को लेकर भी कुछ सभासद नाराज बताए गए हैं।
-7 सभासद ही पहुंचे नगर पालिका
पालिका की पहली बोर्ड बैठक पालिका अध्यक्ष व सभासदों के बीच विवादों के कारण चर्चा में है। बोर्ड बैठक से पहले पालिका अध्यक्ष के कार्यालय में वार्ड नंबर 22 के सभासद नौशाद, वार्ड नंबर-23 के सभासद वसीम, वार्ड 16 से फिरदोस, वार्ड-4 से राजपाल सिंह, वार्ड-27 से शबाना, वार्ड-19 से आबिदा व वार्ड 26 से जैबुन पहुंची। इनके अलावा 21 सभासद बोर्ड बैठक से नदारद रहे।
- नाराज सभासदों ने सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
नाराज सभासद शाम कैराना पहुंचे, जहां पर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम निकिता शर्मा को सौंपा। सभासद शाहिद हसन ने बताया कि उन्होंने ज्ञापन में पालिका अध्यक्ष द्वारा सभासदों के साथ किए जा रहे दुर्व्यवहार रवैये के संबंध में मुख्यमंत्री को अवगत कराया है। उन्होंने बताया कि पालिका अध्यक्ष के दुर्व्यवहार के कारण वे बोर्ड बैठक में शामिल नहीं हुए हैं।