संवाद न्यूज एजेंसी
बाबरी। क्षेत्र के गांव बुटराडा व करौदा हाथी के बीच दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर निर्माण कंपनी के खिलाफ चल रहे अनिश्चितकालीन धरने पर सपा जिलाध्यक्ष अशोक चेयरमैन ने समर्थन दिया। गठवाला खाप के चौधरी व भाकियू अराजनैतिक संगठन के संरक्षक राजेंद्र मलिक भी किसानों के बीच पहुंचे और समर्थन देने की घोषणा की।
इस दौरान चौधरी राजेंद्र मलिक कहा कि किसानों का उत्पीड़न किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाबा महिपाल सिंह, चरण सिंह ठेकेदार लिसाढ़, कविंद्र मलिक, भाकियू के शामली ब्लॉक अध्यक्ष मनोज तोमर शुभम मलिक लांक आदि ने भी धरने पर किसानों को संबोधित किया। कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में कहा कि था कि जब तक जिले के कलक्टर किसान से यह सुनिश्चित न कर लें कि उनके परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी मिली या नहीं तब तक किसान की भूमि का अधिग्रहण नहीं किया जा सकता। क्या शासन की बात प्रशासन नही जानता। जब तक किसानों की मांग पूरी नहीं होगी, धरना जारी रहेगा। एक्सप्रेसवे का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।
संघर्ष समिति को मिला 93हजार रुपये दान
किसान संघर्ष समिति के सचिव विदिशा मलिक ने किसानों को अवगत कराया कि किसान संघर्ष समिति को 93 हजार रुपये का चंदा किसानों ने दिया है। धरना लंबा चलाने के लिए सभी किसान अधिक से अधिक चंदा एकत्र करें। धरना स्थल पर बाबरी थाना प्रभारी ने दो सिपाही तैनात कर दिए हैं। इस दौरान वीरसिंह, सुनील, प्रमोद आदि किसान मौजूद रहे।