बाबा मीतराम की समाधि पर वंशजों ने भगवा ध्वज लहराया
झिंझाना (शामली)। ऊन तहसील परिसर में सैकड़ों वर्ष पुरानी बाबा मीतराम की समाधि को हटाने को लेकर प्रशासन व उसके वंशजों में गतिरोध जारी है। सोमवार को तहसील प्रशासन द्वारा समाधि को हटाने की सूचना पर बाबा मीत राम के वंशज तहसील कार्यालय पर पहुंचे और समाधि पर भगवा ध्वज लहराकर पूजा अर्चना की।
तहसील परिसर में बाबा मीत राम की समाधि को प्रशासन अन्यत्र स्थानांतरित करने की कोशिश में लगा है। दूसरी तरफ बाबा मीतराम के वंशज इसका विरोध कर रहे हैं। सोमवार को तहसील कार्यालय पर आई जेसीबी को देखकर बाबा मीत राम के वंशज एकत्र हो गए और समाधि पर भगवा ध्वज लहरा कर पूजा अर्चना की। कुछ लोग प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा से उनके निवास थानाभवन पर मिले और प्रकरण की जानकारी दी। गन्ना मंत्री से मिलने के कुछ देर बाद ही तहसील कार्यालय से जेसीबी चली गई। पूजा अर्चना करने वालों में सुखपाल, धूम सिंह, रामपाल, संजय, सोमपाल, कुलदीप, ओमवीर, प्रमोद, उपेंदर, सत्येंद्र आदि शामिल रहे। इस संबंध में एसडीएम गौरव सिंह ने बताया कि तहसील कार्यालय पर कार्य के चलते हाइड्रा, जेसीबी आई थी, जो कार्य करने के बाद चली गई।