शामली। गांव लिलौन में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर रोडवेज की अनुबंधित बस की चपेट में आकर आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के विरोध में भीड़ ने बस चालक की पिटाई कर दी। प्रदर्शनकारियों ने मृतक आश्रितों को मुआवजा देने की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला।
क्षेत्र के गांव सोनू (8) पुत्र राकेश गांव से शाकंभरी देवी जा रही झांकी को देख रहा था। इसी दौरान करीब दोपहर दो बजे शामली से दिल्ली की ओर से जा रही अनुबंधित रोडवेज बस ने उसको टक्कर मार दी। बस के पहिये की चपेट में आकर बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ने बस को लेकर भागने की कोशिश की। घटनास्थल पर भीड़ अधिक होने के चलते पब्लिक ने उसे पकड़ लिया। नाराज लोगों ने बस से नीचे उतारकर चालक की पिटाई कर दी।
कुछ जिम्मेदार लोगों ने बमुश्किल चालक को गुस्साई भीड़ के कब्जे से अलग किया। लोगों ने मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। ग्रामीणों ने मृतक आश्रित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जाम खुलवाने पहुंची कोतवाली पुलिस से प्रदर्शनकारियों की झड़प हो गई। स्थिति को देखते हुए आदर्श मंडी, कांधला, बाबरी, गढ़ीपुख्ता सहित कई थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुला लिया गया। सीओ सिटी निशांक शर्मा ने प्रदर्शनकारियों को हर संभव मदद कराने का आश्वासन दिया। करीब साढे़ तीन बजे प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।