पांचवें दिन भी गन्ने के जाम में फंसा रहा शहर
शामली। पांचवें दिन भी बाद भी शहर को गन्ने लदे वाहनों के जाम से राहत नहीं मिल पाई। शहर के मेरठ-करनाल मार्ग पर बुढ़ाना रोड फाटक, शहर से गुजरने वाले एमएसएके रोड पर विजय चौक से लेकर धीमानपुरा फाटक पार गुरुद्वारा, पंजाबी कालोनी मोड़ से आगे तक गन्ने के लदे वाहनो की संख्या पहुंच गई है।
बृहस्पतिवार को शामली मिल में आने वाले मार्गों पर गन्ने के वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। गन्ने लदे वाहनों की संख्या को देखते हुए शहर के मिल रोड, अग्रसेन पार्क, शिवचौक, कोतवाली रोड, अस्पताल एवं बुढ़ाना रोड, हनुमान रोड, वीवी इंटर कालेज रोड से फव्वारा चौक से विजय चौक, दूसरी ओर शहर के अग्रसेन पार्क, शिवचौक से धीमानपुरा फाटक पार गुरुद्वारा रोड, पंजाबी कालोनी से लेकर कुड़ाना मोड़ व मेरठ- करनाल मार्ग पर बुढ़ाना रोड स्थित चीनी मिल गेट से लेकर गली वोहरा वाली के मोड़ से लेकर अस्पताल रोड हनुमान धाम रोड कोतवाली गेट तक गन्ने से लदे ट्रैक्टर ट्रॉली की लंबी लाइनें लगी रहीं।
गन्ना लदे वाहनों को देखते हुए यातायात बनाने के लिए पुलिस की व्यवस्था करनी पड़ी है। शामली चीनी मिल के वरिष्ठ प्रबंधक दीपक राणा ने बताया कि किसानों के स्वैच्छिक गन्ना पर्ची के गन्ना लेकर आ रहे हैं। जिससे चीनी मिल में गन्ना लाने के लिए आपाधापी मची है। चीनी मिल ने पांच मई के बाद गन्ने का इंडेंट जारी नहीं किया है। जिससे गन्ने का जाम आज रात खत्म हो जाएगा। चीनी मिल दस मई को अपना पेराई सत्र समाप्त कर देगी। अभी तक मिल ने एक करोड़ आठ लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की है।