शामली में मेरठ करनाल रोड पर लगा जाम
शामली। जाम का झाम लोगों और वाहन चालकों को परेशान किए हुए है। शुक्रवार को शहर के मेरठ-करनाल, शामली-पानीपत मार्ग पर दिनभर जाम लगा रहा। जाम के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने जाम से निजात दिलाने की गुहार लगाई है।
बुढ़ाना मार्ग पर मकान निर्माण का काम चल रहा है, जिसके कारण निर्माण के लिए लाया गया मलबा सड़क पर ही डाल दिया गया। नतीजन सुबह करीब 10 से लेकर दोपहर 2 बजे तक शहर में जाम लगा रहा। वाहन रेंगते हुए जाते नजर आए। ट्रैफिक पुलिस के जवान भी आवागमन को सुचारु करने में जुटे रहे। दुकानदार सूरज कुमार, मनोज, विनीत का कहना है कि पुलिस को जाम से निजात दिलाने के लिए भारी वाहनों का प्रवेश शहर में बंद करना चाहिए। त्योहारी सीजन में तो हालात ओर भी भयावह होंगे। लोगों ने जाम लगने की व्यवस्था से निपटारे के लिए प्रशासन को पहले से ही व्यवस्था करने की मांग की है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि बुढ़ाना रोड पर मकान निर्माण के लिए डाले गए मलबे के कारण जाम लग गया था। किसी तरह आवागमन सुचारु कराया गया।