कैराना (शामली)। गांव रामड़ा में शादी में दावत के समय झगड़ा होने पर हंगामा हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे के पिता सहित तीन बरातियों को हिरासत में ले लिया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। देर रात दुल्हन विदा हुई
रविवार को गांव रामड़ा में हाजी नफीस की बेटी की बरात जनपद बागपत के गांव टांडा से आई थी। शाम के समय खाने के दौरान बरातियों और दुल्हन पक्ष के लोगों के बीच झगड़ा हो गया। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन दोनों के बीच मौके पर ही समझौता होने के बाद पुलिस लौट गई।
इसके बाद शाम करीब 7:30 बजे पुलिस बुलाने को लेकर फिर से दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झगड़ा हो गया। सूचना पर पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और दूल्हे इसरार के पिता उमरदीन सहित तीन को हिरासत में ले लिया और कोतवाली आ गई। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों में फिर से समझौता होने के बाद दोनों पक्ष कोतवाली आए थे और समझौता लिखकर दे गए। जिसके बाद तीनों को परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया। रात में शादी की सभी रस्में पूरी हुई इसके बाद दुल्हन विदा हुई।