शामली। बेसिक शिक्षा परिषद से संचालित सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों को उच्चीकृत कर मॉडल बनाया जाएगा। शासन ने बीएसए से सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों का स्थलीय सत्यापन और आवश्यकताओं का आंकलन कर कार्य योजना तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बेसिक शिक्षा की इस योजना में कक्षा एक से आठ तक के विद्यालयों को उच्चीकृत करने के लिए चयन किया जाएगा। इन विद्यालयों में कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय व स्टाफ रूम आदि की स्थापना कर आधुनिक शैक्षणिक परिवेश उपलब्ध कराया जाएगा। शासन की योजना चयनित विद्यालयों को मॉडल स्कूल बनाने की है। विभाग के महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद की तरफ से बीएसए को भेजे गए पत्र में सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों का चयन कर ऑपरेशन कायाकल्प के तहत गैप एनालिसिस करते हुए आवश्यकताओं का आकलन कराने के निर्देश दिए हैं ताकि अगर वहां पर शौचालय, टायल्स, रंगाई पुताई, चहारदीवारी आदि में कुछ कमी है तो उसको पूरा कराया जा सके।
बेसिक शिक्षा के जिला समन्वयक (निर्माण) राहुल कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा जिले के सर्वश्रेष्ठ दस विद्यालयों को उच्चीकृत करने की योजना है। निर्धारित मानकों के आधार पर विद्यालयों का चयन और आकलन किया जा रहा है।
-----
सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों इस तरह होगा आकलन
- ऐसे विद्यालय, जहां कक्षा एक से आठ तक की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
- कार्य योजना तैयार करने के लिए विद्यालयों का आवंटन राज्य स्तर से प्रेरणा पोर्टल के माध्यम से होगा।
- विद्यालय परिसर का अधिकतम 60 सेकंड का वीडियो तैयार किया जाएगा, जिसमें विद्यालय के संपूर्ण भौतिक परिवेश का आकलन किया जा सके।
- मितव्ययता का विशेष ध्यान रखते हुए त्रुटि रहित माप को अंकित करते हुए निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाएगा।
- विद्यालय परिसर का एक ले-आउट प्लान करते हुए ऑटोकैड के माध्यम से तैयार कर प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
- विद्यालय परिसर के उच्चीकरण के लिए किसी प्रकार के प्रस्तावित सिविल कार्य का फोटोग्राफ प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
- यदि विद्यालयों में संलग्न प्रारूपों से अलग कोई सिविल कार्य प्रस्तावित किया जाता है तो उसकी अलग से कार्य योजना तथ्यों सहित प्रेरणा पोर्टल पर अलग से अपलोड की जाएगी।
- कार्य योजना तैयार करने, आटोकैड साफ्टवेयर के माध्यम से साइट प्लान, ले-आउट प्लान तैयार किए जाने के लिए सर्वेक्षण हेतु प्रति विद्यालय एक हजार रुपये धनराशि दी जाएगी।