कांधला। थाना क्षेत्र के गांव मलकपुर रोड पर बंधन में कर्मचारी से हुई लूट के मामले में पुलिस ने लूट का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के कब्जे से लूटी गई रकम और अन्य सामान भी बरामद किया है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव मलकपुर से चार दिन पूर्व बंधन बैंक कर्मचारी प्रशांत रुपयों का कलेक्शन कर मलकपुर रोड से होते हुए कांधला लौट रहा था। जैसे ही वह मलकपुर से दो किलोमीटर दूर पहुंचा तो एक बदमाश ने कर्मचारी को रोककर उसकी आंखों में मिर्च डालकर 45,865 रुपये की नकदी लूट ली और फरार हो गया।
शुक्रवार को पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए पकड़े गए बदमाश के कब्जे से लूटी गई रकम में से 42,080 रुपये लैपटॉप और कर्मचारी से लूटा गया बैग भी बरामद किया है। पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम अफसर पुत्र लियाकत निवासी तीतरवाड़ा थाना कैराना बताया है। थाना प्रभारी निरीक्षक श्यामवीर सिंह ने बताया कि अफसर अपनी ससुराल गांव मलकपुर में रहता है। बंधन बैंक कर्मचारी अफसर की ससुराल में बैठकर ही रुपयों का कलेक्शन करता है। इसलिए उसे जानकारी थी कि प्रशांत किस समय रुपये लेकर निकलता है।