रिमांड पर लाए आरोपी से लूट की रकम बरामद
शामली। शहर कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को रिमांड पर लाकर पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30500 रुपये बरामद किए हैं।
आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के मोहल्ला रेलपार में करीब 15 दिन पहले एक व्यापारी के घर में घुसकर लूट की कोशिश की थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों सतीश व पंकज को गिरफ्तार किया था। बुधवार को शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी सतीश निवासी करनाल को रिमांड पर लाकर पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में सतीश कोतवाली क्षेत्र में करीब साढ़े चार माह पहले कैराना रोड पर हुई पेट्रोल पंप की लूट की घटना में शामिल होना पाया गया है। घटना में चार लाख छह हजार रुपये कैश लूटा गया था। कोतवाली प्रभारी के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि सतीश और उसके भाई ने लूट की घटना की थी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि रिमांड पर लाए गए आरोपी सतीश की निशानदेही पर 30500 रुपये बरामद हुए हैं। कुछ रकम को उसने खर्च करना बताया है। इस मामले में फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।