शामली। नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम ने विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के गठन की घोषणा के बाद जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर गठबंधन के प्रभाव को लेकर राजनीतिक दलों में मंथन शुरू हो गया है। दलित और मुस्लिम मतदाताओं के बीच गठबंधन की पकड़ आगामी चुनाव में दूसरे दलों के प्रत्याशियों के समीकरण प्रभावित कर सकती है।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में आजाद समाज पार्टी को प्रदेश में 0.13 प्रतिशत और एआईएमआईएम को 0.49 प्रतिशत वोट मिले थे। शामली जिले में आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशियों को तीनों सीटों पर कुल 3188 वोट यानी 1.46 प्रतिशत मत मिले थे। अब दोनों दलों के एक साथ आने से राजनीतिक हलकों में नए समीकरणों पर चर्चा तेज हो गई है।
जिले में कुल 8,78,300 मतदाता हैं। इनमें करीब 3.14 लाख मुस्लिम और 95 हजार दलित मतदाता हैं। ऐसे में गठबंधन की रणनीति और प्रत्याशियों का चयन चुनावी मुकाबले को प्रभावित कर सकता है। बसपा का परंपरागत दलित वोट बैंक भी पिछले कुछ वर्षों में अलग-अलग दलों में बंटा है।
आजाद समाज पार्टी ने थानाभवन विधानसभा सीट से मौसम राव को प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं, एआईएमआईएम ने कैराना में चुनावी रैली कर इरफान इंजीनियर को प्रत्याशी घोषित किया है। गठबंधन के बाद शामली विधानसभा सीट पर प्रत्याशी की घोषणा होना बाकी है।
सपा के पीडीए के सामने तीसरा मोर्चा नहीं टिकेगा : सुधीर पंवार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रोफेसर सुधीर पंवार का कहना है कि सपा पहले ही पीडीए के माध्यम से पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज को मजबूत कर चुकी है। ऐसे में तीसरे मोर्चे का कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा।
चंद्रशेखर और ओवैसी गठबंधन का असर नहीं होगा : अमीर आलम
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद अमीर आलम खां का कहना है कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव मुख्य रूप से सपा-कांग्रेस और भाजपा-रालोद के बीच होगा। चंद्रशेखर और ओवैसी के गठबंधन का प्रदेश में कोई खास असर नहीं पड़ेगा।
तीसरे मोर्चे को जनता पहचान चुकी है : मुनकाद अली
बसपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेता मुनकाद अली का कहना है कि आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के गठबंधन का दलित और मुस्लिम मतदाताओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। बसपा आगामी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। जनता तीसरे मोर्चे की राजनीति को समझ चुकी है।
शामली जिले का जातिगत मतदाता समीकरण
दलित मतदाता : करीब 95 हजार
मुस्लिम मतदाता : करीब 3.14 लाख
कुल मतदाता : 8,78,300