दस हजार का इनामी गिरफ्तार
कांधला (शामली)। शामली में पेट्रोल पंप के साथ सराफ से लूट में फरार चल रहे दस हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया। पुलिस फरार एक अन्य बदमाश की तलाश कर रही है।
दिसंबर 2020 में शामली में पांच बदमाशों के द्वारा एक सराफा व्यापारी के साथ मेरठ-करनाल हाईवे पर सिंभालका के निकट पेट्रोल पंप पर लूट की घटना को अंजाम दिया था। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना से अगले दिन तीन बदमाशों सन्नी, विशाल पंवार एवं रोहित उर्फ पारुल को मुठभेड़ में दौरान गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो साथी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों फरार बदमाशों के ऊपर दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि उक्त लूट में शामिल बदमाश किवाना की तरफ गए हैं। जिस पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए सुनील निवासी गांव सल्फा को गिरफ्तार कर अपने साथ थाने ले आई, जबकि उसके फरार एक साथी की तलाश कर रही है। मामले को लेकर थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।