किशोर की पीटकर और गला दबाकर हत्या
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बलवा में 17 वर्षीय किशोर की पीटकर और गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस में महिला सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गांव बलवा निवासी जुबैर पुत्र इलयास ने शनिवार शाम को शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके गांव में अपनी नानी के यहां रहने वाला जुबैर पुत्र शौकीन निवासी गांव पानची जिला बागपत शनिवार दोपहर को घर आया। उसके भाई जुनैद को उसके ताऊ के लड़के वसीम के घर ले गया। आरोप है कि वहां पर पहले से मौजूद वसीम, राशिद व फेमिदा उर्फ फम्मो ने मिलकर उसके भाई के साथ मारपीट की और गला दबाकर हत्या कर दी।
इसकी जानकारी मिलने पर वह उनके घर पहुंचे तो बेड पर जुनैद का शव पड़ा था। जुबैर का कहना है कि उन्होंने करीब दो साल पहले अपनी ताई महमूदा से एक घर खरीदा था। तब से वसीम व उसके परिजन उनसे रंजिश रखते हैं। इसी रंजिश की वजह से उसके भाई की हत्या की गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम को भेजा। कोतवाली प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर महिला सहित चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।