राज्य एवं मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के लिए 13 अगस्त तक होंगे आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। प्रदेश के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्तविहीन मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन में सभी अभिलेख, उत्कृष्ट कार्यों के विवरण के साथ पांच मिनट का वीडियो अपलोड करना होगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 13 अगस्त निर्धारित है।
शासन ने शैक्षिक सत्र 2022 में माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षण कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के चयन के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। चार अगस्त से वेबसाइट पर आवेदन शुरू हो गए हैं। अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक की तरफ से सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को भेजे पत्र में बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 13 अगस्त है।
जिले में राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्तविहीन मान्यता प्राप्त 105 माध्यमिक विद्यालय हैं। शासन ने इच्छुक शिक्षक आवेदन पत्र में अपने सभी अभिलेख व उत्कृष्ट शिक्षण कार्यों के विवरण देंगे। इसके साथ ही शिक्षकों को पांच मिनट का वीडियो भी अपलोड करना है। जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र भरे जाएंगे। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं होंगे। ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों का जनपदीय समिति द्वारा परीक्षण और स्थलीय सत्यापन कर पात्र शिक्षकों का चयन कर मंडलीय समिति को 20 अगस्त तक भेजा जाएगा। इसके बाद मंडलीय समिति पुन: परीक्षण कर सत्यापन करने के बाद पात्र अध्यापकों की सूची राज्य चयन समिति को 21 से 25 अगस्त के बीच उपलब्ध कराएगी। इसके बाद राज्य चयन समिति राज्य अध्यापक पुरस्कार और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के लिए शिक्षकों का चयन करेगी। चयनित शिक्षकों को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेजकर राज्य एवं मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के लिए सभी शिक्षकों को आवेदन संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया है।
10 अगस्त को होगी बीए तृतीय वर्ष की प्रयोगात्मक परीक्षा
शामली। वीवी पीजी कॉलेज शामली के प्रधानाचार्य डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि सत्र 2021-22 के बीए तृतीय वर्ष के शारीरिक शिक्षा विषय के सभी संस्थागत विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक/मौखिक परीक्षा दस अगस्त को सुबह नौ बजे कालेज में शुरू होगी। बीए प्रथम वर्ष की शारीरिक शिक्षा विषय की प्रयोगात्मक/मौखिक परीक्षा 13 अगस्त को सुबह नौ बजे कॉलेज में होगी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ शारीरिक विषय की प्रेक्टिकल फाइल के साथ कॉलेज की वेशभूषा में समय से उपस्थित होकर परीक्षा में सम्मलित होंगे। संवाद