शामली पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियो को ब्रीफ करतीं डीएम जसजीत कौर और एसपी नित्यानंद।
- फोटो : SHAMLI
पुलिसकर्मियों को अनुशासन का पाठ पढ़ाया
शामली। डीएम जसजीत कौर ने कहा कि एक दिसंबर को होने वाले विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक के मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से कराने में अधिकारी और कर्मचारी ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वाह करें।
रविवार को पुलिस लाइन में मतदान को लेकर पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को डीएम जसजीत कौर और एसपी नित्यानंद राय ने ब्रीफ करते हुए उनके दायित्व और कर्तव्यों की जानकारी दी। डीएम ने कहा कि मतदान सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक होगा। मतदान के दौरान कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन कराया जाए। बिना मास्क के कोई मतदाता केंद्र के अंदर नहीं जाएगा। मतदान केंद्र पर स्वास्थ्य टीम कोविड की जांच करेगी। अगर कोई मतदाता कोरोना पॉजिटिव पाया जाता है तो उसका वोट आखिर के एक घंटे में डलवाया जाएगा। उस समय कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के अलावा पोलिंग टीम को भी पीपीई किट पहनने समेत सभी जरूरी सावधानी बरतनी होगी। मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन प्रतिबंधित रहेगा। डीएम ने कहा कि एजेंट की गतिविधियों पर निगरानी रखें, ताकि वह मतदान को किसी तरह से भी प्रभावित न कर सके। मतदान के लिए चुनाव आयोग की तरफ से वोटर पर्ची जारी नहीं की गई है।
एसपी नित्यानंद राय ने बताया कि सोमवार को कलक्ट्रेट से पोलिंग पार्टी रवाना होगी। पुलिसकर्मी उनके साथ पोलिंग बूथ पर जाएंगे। मतदान के बाद सभी बैलट बॉक्स को कलक्ट्रेट में बनाए स्ट्रांग रूम में जमा कराएंगे। इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी पुलिसकर्मी कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करते हुए फेस मास्क, शील्ड कवर, सैनिटाइज रखेंगे। ठंड से बचाव के लिए अपने वस्त्रों की स्वयं व्यवस्था रखेंगे। मतदान केंद्र से 200 मीटर की परिधि में किसी प्रत्याशी का बस्ता नहीं लगेगा और 100 मीटर के दायरे में कोई भी व्यक्ति किसी मतदाता को प्रलोभन या प्रभावित आदि नहीं कर सकेंगे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इस अवसर पर एडीएम अरविंद कुमार, एएसपी राजेश श्रीवास्तव, एसडीएम व सीओ आदि अधिकारी मौजूद रहे।