शामली। सर्दी के मौसम में त्वचा का ख्याल रखना जरूरी है। इसमें लापरवाही बरते जाने पर त्वचा को नुकसान हो सकता है। जिला अस्पताल में ठंड के कारण हाथ पैरों में सूजन और त्वचा फटने के अलावा खाज-खुजली के मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सक मरीजों को साफ-सफाई रखने के साथ ही ठंड से बचाव करने की सलाह दे रहे हैं।
सर्दी बढ़ने के साथ जिला अस्पताल में त्वचा रोगी बढ़ गए हैं। ओपीडी में रोजाना 110 के आसपास मरीज आ रहे हैं। ठंड बढ़ने से पहले मरीजों की संख्या 70 के लगभग चल रही थी। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. कर्मवीर ने बताया कि ठंड के कारण हाथ पैरों में सूजन व त्वचा फटने के रोजाना 10-15 मरीज आ रहे हैं। इसका कारण ये है कि ठंड में शरीर के बाहरी हिस्से में रक्त का प्रवाह कम हो जाता है, जिस कारण सूजन या त्वचा शुष्क होने के साथ ही फटने लगती है। इसके अलावा खाज खुजली के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। सर्दी में कपडों को साफ-सफाई न होना और रोजाना स्नान न करने से खाज खुजली होने की संभावना रहती है। गुनगुने पानी में नहाएं, ज्यादा गर्म पानी में नहाने से त्वचा रूखी हो सकती है। उन्होंने बताया कि चिकित्सक की सलाह से ही दवा लेकर उपचार कराएं। खुद से कोई दवा न ले।
इस तरह करें बचाव
-ठंडे पानी में बार-बार हाथ पैर को न भिगोएं।
- गुनगुने पानी में हाथ पैर को साफ करें।
- ठंड से बचाव के लिए पैरों में मौजे पहनें।
- हाथ पैर चलाते रहे और हल्का व्यायाम करें ताकि रक्त का संचार होता रहें।
- ढीले और कॉटन के कपड़े ज्यादा पहनें।
- गीले कपड़े न पहने, अच्छी तरह सुखाकर पहनें।