फसल बीमा नहीं चाहने वालों से लें प्रार्थना पत्र
शामली। डीएम जसजीत कौर ने बैंक समन्वयकों को निर्देश दिए कि जो किसान फसल बीमा नहीं कराना चाहते हैं, उनसे लिखित रूप में प्रार्थना पत्र प्राप्त कर लिया जाए। 31 जुलाई तक ऋणी कृषकों के प्रीमियम की धनराशि किसान क्रेडिट खाते से 1510 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से कटौती कर व ग़ैर ऋणी कृषकों से नकद प्राप्त कर 15 अगस्त तक एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड पोर्टल पर भेजना सुनिश्चित करें।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की बैठक में डीएम ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2020-21 में जनपद में खरीफ में केवल धान की फसल बीमा हेतु अधिसूचित है। जिसकी प्रति हेक्टेयर बीमित धनराशि 75517 है और प्रीमियम की धनराशि 1510 रुपये प्रति हेक्टेयर है। उन्होंने कहा कि सभी बैंक समन्वयक 27 जुलाई को दोपहर 12 बजे तक सूचना उपलब्ध कराएं की अब कितने कृषकों ने बीमा न कराने का लिखित प्रार्थना पत्र दिया है। बैठक में सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, कृषि उपनिदेशक शिव कुमार केसरी, डीएओ डॉ हरिशंकर, लीड बैंक मैनेजर शैलेश कुमार आदि मौजूद रहे।
युवक पर लाठी-डंडों से किया हमला
गढी पुख्ता। कस्बे के मोहल्ला कश्यपपुरी निवासी नरेंद्र चौधरी का कहना है कि उसने मोहल्ले के ही कंवर पाल को एक वर्ष पहले 80 हजार रुपये उधार दिए थे। शुक्रवार सुबह जब उसने अपने रुपये मांगे तो आरोप है कि कंवरपाल ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडो से मारपीट की। मामले में तहरीर के बाद पुलिस आरोपी कंवरपाल को थाने ले आई और उसका शांति भंग में चालान कर दिया।
कार की टक्कर से दो युवक घायल
जलालाबाद। कार और बाइक की टक्कर से एक युवक घायल हो गया। गांव गुनियाजोशी निवासी सुनील पुत्र ओमपाल व संदीप पुत्र रामपाल थानाभवन की ओर से बाइक से जलालाबाद आ रहे थे। पीछे से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने थानाभवन चिकित्सालय में भेज दिया।
निधन पर शोक व्यक्त किया
गढी पुख्ता। कस्बे के व्यापार मंडल के सदस्य अजय जैन की पत्नी शालिनी जैन (53) का कैंसर की बीमारी के चलते निधन हो गया। उनका गाजियाबाद निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। व्यापार मंडल गढ़ी पुख्ता के साथ ही चेयरमैन अली हसन, पूर्व चेयरमैन विजय गिरी, व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष नीरज जैन, पंडित राजेंद्र शर्मा, नरोत्तम गर्ग, प्रमोद मित्तल आदि ने शोक जताया।