खाटू श्याम के भजनों में जमकर झूमे
चौसाना। कस्बे में हनुमान धाम मंदिर पर खाटू श्याम जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में एक सामूहिक जागरण का आयोजन किया गया। जहां खाटू श्याम के भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे।
चौसाना चौकी के निकट स्थित हनुमान धाम मंदिर पर खाटू श्याम का जन्मोत्सव के मौके पर एक सामूहिक जागरण का आयोजन किया गया। जिसमें रात्रि नौ बजे चौकी प्रभारी सचिन पूनिया ने केक काटकर खाटू श्याम का जन्म उत्सव मनाया। इस मौके पर भक्तों ने कार्यक्रम स्थल को रंगीन गुब्बारों के साथ मोर पंख, कृष्णा कटआउट, मटकी, बांसुरी आदि से सजाया हुआ था। जागरण स्थल की भव्य सजावट सबका मनमोह रही थी। यहां पूरे समय तक श्याम प्रेमियों में जन्मदिन खाटू वाले के साथ सेल्फी लेने की होड़ लगी रही।
भजन गायिका वनिता कुमारी ने श्याम कलियुग का सुपरस्टार, हारे का सहारा खाटू श्याम हमारा, ऐसा जादू सांवरिया है तेरे प्यार में दीवाना, होकर नांचू तेरे दरबार में, एक बार तो हामी भर दे हम जान लुटा देंगे आदि भजन सुनाकर श्याम नाम की मस्ती लूटी। बाबा खाटू श्याम के जन्मदिन पर विशेष भजन संदेशा खुशियों का लाया, जन्मदिन बाबा का आया, हैप्पी बर्थडे टू यू बाबा श्याम आदि भजनों से भक्तों को भाव विभोर कर दिया।