कांधला। थानाक्षेत्र के गांव खेड़ा कुरतान में महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला के परिजनों ने गांव में पहुंचकर फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव इस्सोपुर खुरगान निवासी शादीन ने अपनी 28 वर्षीय पुत्री फातिमा की शादी मई 2010 में क्षेत्र के गांव खेड़ा कुरतान निवासी इरशाद के साथ की थी। शादी के बाद महिला ने दो लड़कियों को जन्म दिया। रविवार की सुबह को महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सूचना पर महिला के परिजन गांव पहुंचे और ससुराल पक्ष के लोगों पर फांसी लगाकर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर थानाध्यक्ष पुलिस को साथ लेकर गांव पहुंचे। थानाध्यक्ष ने लोगों को समझाकर शांत किया। सीओ कैराना प्रदीप कुमार भी गांव पहुंचे, और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ कैराना ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा ही है। मामले की जांच की जा रही है।