- वीवी इंटर कॉलेज में नशा मुक्ति अभियान के तहत हुई प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। वीवी इंटर कॉलेज शामली में नशा मुक्ति अभियान के तहत भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। भाषण प्रतियोगिता में सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छात्रा सुमुखी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कॉलेज सभागार में बृहस्पतिवार को आयोजित भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डीएम जसजीत कौर ने कहा कि सभी को नशे से बचना चाहिए। नशे के बचाव के प्रति समाज को जागृत करने की जिम्मेदारी युवा शक्ति की अधिक है, क्योंकि आज नशे की गिरफ्त में सबसे अधिक युवा वर्ग ही है। इसलिए युवा शक्ति को आज जागृत होने की आवश्यकता है। भाषण प्रतियोगिता में सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज शामली, हिंदू कन्या इंटर कॉलेज शामली, जैन कन्या इंटर कॉलेज शामली, देशभक्त इंटर कॉलेज शामली और राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज शामली के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की छात्रा सुमुखी ने प्रथम, इसी कॉलेज की छात्रा तान्या धीमान ने द्वितीय और देशभक्त इंटर कॉलेज शामली की छात्रा साजिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया गया। इसके अलावा 11 विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया गया। निर्णायक मंडल में डॉ. शशि वर्मा व नरेंद्र शर्मा रहे। इस अवसर पर डीआईओएस सरदार सिंह, डा. मनोज शर्मा, कैप्टन रजनीश कुमार, डॉ. विजय, अर्जुन राम, शालू तोमर, अर्चना संगल, गीता कांबोज, माधवेंद्र गुप्ता, अर्जुन, तरुण निर्वाल आदि मौजूद रहे। संचालन डॉ. अनुराग शर्मा ने किया।