शामली में फिर लगा गन्ने के वाहनों से जाम
शामली। शामली मिल में दूसरे दिन भी गन्ने के ज्यादा वाहनों के आने से मुख्यमार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। जाम लगने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मिल प्रबंधकों का कहना है कि सोमवार और मंगलवार को चीनी मिल में ज्यादा गन्ना आने से शहर में जाम की समस्या पैदा हो गई।
मंगलवार को शहर के चीनी मिल के गन्ना यार्ड से लेकर मिल रोड, अग्रसेन पार्क, शिवचौक मोहल्ला धीमानपुरा, कोतवाली गेट से बुढ़ाना-अस्पताल रोड, हनुमान रोड, वर्मा मार्केट,वीवी इंटर कॉलेज रोड तक गन्ने से लदे ट्रैक्टर ट्राली, भैंसा-बुग्गी आने से शहर में जाम की स्थिति बनी रही। दूसरे दिन शहर में जाम लगने से लोगों को आवागमन के दौरान काफी दुश्वारियां झेलनी पड़ी। हालांकि शामली चीनी मिल के वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक दीपक राणा के मुताबिक रविवार की सुबह बारिश होने से पूरे दिन बहुत कम गन्ना शामली मिल में आया। सोमवार और मंगलवार को दो दिनों में गन्ना अधिक आने से जाम की स्थिति बनी है। बुधवार की सुबह तक शहर में गन्ने का जाम सामान्य हो जाएगा। जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह ने बताया कि शाम के समय चीनी मिल में गन्ने के सबसे ज्यादा वाहन आपूर्ति के लिए आते हैं, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से सोमवार को 61 हजार क्विंटल, मंगलवार को 66 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई हुई है।
कारोबार हो रहा है प्रभावित
शामली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्यामदास गर्ग ने बताया कि गन्ने के जाम से शहर फव्वारा चौक, वीवी इंटर कॉलेज रोड, हनुमान रोड, मिल रोड, कोतवाली रोड, धीमानपुरा, अस्पताल रोड समेत मुख्यमार्गों पर दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। डीएम जसजीत कौर की अध्यक्षता में बैठक में चीनी मिल के अफसरों ने शहर को गन्ने के जाम से मुक्त करने का आश्वासन दिया था, मगर नए गन्ना सत्र में शहर को गन्ने के जाम से मुक्ति नहीं मिली है।