शामली/ऊन। जिले की शामली, थानाभवन और ऊन गन्ना सहकारी समितियों में समिति स्तरीय गन्ना सट्टा प्रदर्शन मेले शुरू हो गए हैं।
दस दिवसीय इन मेलों में किसान अपने सट्टा, कैलेंडर, गन्ना खरीद केंद्र और भूमि संबंधी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं। पहले दिन शामली समिति में 33 और ऊन समिति में 19 किसानों ने शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें शामली में 30 और ऊन में 13 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शामली गन्ना सहकारी विकास समिति कार्यालय पर मेले का शुभारंभ समिति के चेयरमैन विक्रांत निर्वाल ने फीता काटकर किया।
समिति के सचिव ने बताया कि पहले दिन गन्ना खरीद केंद्र बदलने और मोबाइल आधार से संबंधित 16 शिकायतें प्राप्त हुईं। इसके अलावा गन्ना क्षेत्रफल से संबंधित नौ और भूमि संबंधी आठ शिकायतें आईं। मेला 25 सितंबर तक चलेगा।
ऊन सहकारी गन्ना विकास समिति कार्यालय पर मेले का शुभारंभ समिति के सभापति सुनील चौधरी ने फीता काटकर किया। जिला गन्ना अधिकारी रंजीत सिंह कुशवाहा ने मेले का निरीक्षण किया। यहां पहले दिन 19 किसानों ने सट्टा और कैलेंडर से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से 13 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।