फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: 178.2 करोड़ का गन्ना भुगतान अटका, तंगी से जूझ रहे किसान

Fri, 02 Jan 2026 12:51 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
विज्ञापन
शामली। जिले की तीनों चीनी मिलों पर किसानों का कुल 178.2 करोड़ का गन्ना भुगतान बकाया चल रहा है। यह बकाया वर्ष 2025 का है। किसानों का आरोप है कि बार-बार मांग और आश्वासन के बावजूद भुगतान नहीं किया जा रहा, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समय पर भुगतान न होने से किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है और उन्होंने जल्द भुगतान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
विज्ञापन

जिला गन्ना अधिकारी के अनुसार, शामली शुगर मिल पर 15 करोड़ 8 लाख रुपये, थानाभवन शुगर मिल पर 137.77 करोड़ रुपये तथा ऊन शुगर मिल पर 15.17 करोड़ रुपये किसानों का बकाया है। इस प्रकार तीनों मिलों पर कुल 178.2 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है। हालांकि, वर्ष 2023-24 का बकाया भुगतान तीनों मिलों द्वारा किसानों को किया जा चुका है।
हाल ही में शामली मिल द्वारा करीब 91 करोड़ रुपये, थानाभवन मिल द्वारा 50 लाख रुपये तथा ऊन मिल द्वारा 67 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है, लेकिन वर्तमान सत्र का बकाया भुगतान नहीं होने से किसानों की समस्याएं कम नहीं हो सकी हैं।
विज्ञापन


बझेड़ी गांव के किसान बिट्टू चौधरी ने बताया कि शुगर मिल पर उनके लगभग दो लाख रुपये बकाया हैं। भुगतान में देरी के कारण बच्चों की फीस और घरेलू खर्चों में दिक्कत आ रही है। कर्ज पर लिए रुपये नहीं दे पा रहे हैं।
पिंडोरा निवासी अजय चौधरी का कहना है कि मिल द्वारा 9 दिसंबर तक का ही भुगतान किया गया है। अभी एक लाख रुपये से अधिक बकाया है, जो जल्द मिलना चाहिए।
भाकियू टिकैत के प्रदेश संगठन मंत्री मास्टर जाहिद ने कहा कि किसानों की बार-बार मांग के बावजूद बकाया भुगतान नहीं किया जा रहा है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

हरड़ गांव के किसान रमेश राणा ने बताया कि भुगतान न होने से उनकी स्थिति खराब होती जा रही है। पिछले वर्ष का भुगतान खर्च हो चुका है, जबकि नियमानुसार 14 दिन के भीतर गन्ना भुगतान होना चाहिए।
भैंसानी गांव के किसान आमिल ने कहा कि बकाया भुगतान को लेकर शीघ्र ही जिलाधिकारी से मुलाकात की जाएगी।

जिला गन्ना अधिकारी रंजीत सिंह कुशवाह ने बताया कि तीनों चीनी मिलों को समय पर भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में मिलों पर किसानों का 178.2 करोड़ रुपये बकाया है।

ऊन शुगर मिल के वरिष्ठ महाप्रबंधक (गन्ना) कुलदीप पिलानिया ने कहा कि भुगतान की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही पूरा भुगतान कर दिया जाएगा। थानाभवन शुगर मिल के गन्ना प्रबंधक लेखपाल सिंह ने कहा कि पिछले बकाया का भुगतान पूरा किया जा चुका है और वर्तमान सत्र का गन्ना भुगतान भी शीघ्र किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें