गन्ना मंत्री ने दिलाई सोशल डिस्टेंसिंग की शपथ
शामली, थानाभवन। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने नगर पंचायत के तीन नामित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में लोगों को कोरोना वायरस के खतरे के बारे में जागरूक किया। साथ ही उन्होंने अनलॉक-1 और लॉकडाउन के नियमों के पालन करने की शापथ दिलाई।
बृहस्पतिवार को नगर पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि पूरे देश में मोदी और योगी जैसा कार्यकाल भविष्य में शायद ही कभी आएगा। नगर पंचायत में यूपी सरकार द्वारा तीन सभासदों को नामित किया गया था। जिनका पद एवं गोपनीयता की शपथ का कार्यक्रम थानाभवन नगर पंचायत टाउन हॉल में रखा गया। जिसमें एसडीएम मणि अरोड़ा ने तीनों नामित सभासदों अनीता सैनी, प्रेमचंद, विशाल गोयल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में गन्ना मंत्री सुरेश राणा भी शिरकत करने पहुंचे। उन्होंने सभासदों को शुभकामना देते हुए सरकार की योजनाओं को सही ढंग से क्रियान्वित करने की सलाह दी। उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि सरकार कोरोना से लड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। साथ ही लोगों की भी जिम्मेदारी बनती है कि सरकार के प्रयासों को सफल बनाने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग व लॉक डाउन के नियमों का पालन करें। सोशल डिस्टेंसिंग व लॉकडाउन के नियमों के पालन कराने के लिए शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने सूखा व गीला कूड़ा अलग अलग करने के लिए मंगाए गए कूड़े के पांच वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।