दीपावली से पहले 20-20 करोड़ का गन्ना भुगतान करें चीनी मिलें
शामली। सांसद प्रदीप चौधरी व मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने जिले की तीनों चीनी मिलों के गन्ना भुगतान और आगामी पेराई सत्र की तैयारियों की समीक्षा की। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को हुई समीक्षा बैठक में गन्ना भुगतान की स्थिति पर नाराजगी जाहिर की। चीनी मिलों को दीपावली से पहले 20-20 करोड़ भुगतान करने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद और मंडलायुक्त को तीनों चीनी मिलों के प्रतिनिधियों ने गन्ना मूल्य भुगतान की जानकारी दी। शामली चीनी मिल ने 374.67 करोड़ के सापेक्ष 183.15 करोड़ का भुगतान किया है। ऊन चीनी मिल ने 337 करोड़ के सापेक्ष 242.87 और थानाभवन चीनी मिल ने 439.99 करोड़ के सापेक्ष 280.60 करोड़ का भुगतान किया है। भुगतान की स्थिति को देखकर सांसद प्रदीप चौधरी और मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। तीनों चीनी मिलों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि नया पेराई सत्र पिछले पेराई सत्र का संपूर्ण गन्ना मूल्य भुगतान कर दें। दीपावली से पूर्व 20 करोड़ का भुगतान जल्द कर दें।
सांसद ने कहा कि किसानों का समय से गन्ना मूल्य भुगतान होगा तो उनके चेहरे पर खुशहाली नजर आएगी। डीएम जसजीत कौर ने कहा मंडलायुक्त और सांसद के निर्देशों के अनुसार तीनों चीनी मिलों द्वारा दीपावली से पूर्व दिए गए लक्ष्य और अवशेष भुगतान नहीं करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एडीएम संतोष कुमार सिंह, उप गन्ना आयुक्त डॉ. दिनेश्वर मिश्र, डीसीओ विजय बहादुर सिंह, शामली चीनी मिल से असिस्टेंट वाइस प्रेसीडेंट प्रदीप कुमार, महाप्रबंधक (गन्ना) सुशील कुमार, सहायक एकाउंट हेड विजित जैन, ऊन मिल से यूनिट हेड अवनीश कुमार, महा प्रबंधक (गन्ना) डॉ. कुलदीप पिलानिया, थानाभवन मिल से यूनिट हेड जीवी सिंह महाप्रबंधक (गन्ना) अभिषेक श्रीवास्तव एकाउंट हेड सुभाष बहुगुणा आदि मौजूद रहे।
शामली कलक्ट्रेट सभागार में गन्ना मूल्य भुगतान व आगामी पेराई सत्र संचालन के संबंध में आयोजित समी?- फोटो : SHAMLI
शामली कलक्ट्रेट सभागार में गन्ना मूल्य भुगतान व आगामी पेराई सत्र संचालन के संबंध में समीक्षा बै?- फोटो : SHAMLI