मेपल्स एकेडमी व बीएसएम स्कूल में समर कैंप शुरू
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर के दो स्कूलों में समर कैंप शुरू हुआ, जिसमें विद्यार्थियों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। छात्रों ने समर कैंप में प्रतिभाग कर खूब आनंद उठाया।
मेपल्स एकेडमी में सोमवार को आयोजित दो दिवसीय समर कैंप का उद्घाटन स्कूल के प्रबंधक मुकेश संगल, प्रधानाचार्य राकेश सिन्हा ने फीता काटकर किया। समर कैंप में घुड़सवारी, स्केटिंग, ताइक्वांडो, डांसिंग, सिंगिंग, क्रिकेट, बैडमिंटन, पेंटिंग आदि कराई गई। कक्षा प्री-नर्सरी से कक्षा दो तक के बच्चों के लिए पूल पार्टी का आयोजन हुआ, जिसका बच्चों ने आनंद उठाया। इसके साथ ही बच्चों ने मिकी माऊस, स्लाइडिंग, घुड़सवारी का भी आनंद उठाया। कुकिंग क्लास में बच्चों ने कटलेट बनाए। अध्यापिका गुंजन सिंह ने कुकिंग में बच्चों को विभिन्न प्रकार की ब्रैड व बेसन से बनने वाली कई रेस्पी सिंखाई। अध्यापिका साक्षी ने बच्चों को मोकटेल बनानी सिखाई। इसमें बच्चों ने कोल्ड ड्रिंक, जूस, नींबू पानी को मिला कर अनेक सॉफ्ट ड्रिंक बनाए। स्केटिंग कोच ने भी बच्चों को स्केटिंग के नए तरीके बताए। क्रिकेट कोच सन्नी ने कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों को क्रिकेट सिखाया। इसमें चार टीमों ने सेमीफ़ाइनल के लिए स्थान बनाया। मंगलवार को समर कैंप का समापन होगा। इस दौरान सेमी फाइनल और फाइनल मैच होगा। इसके अलावा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
उधर, बीएसएम स्कूल में तीन दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ सूर्य नमस्कार से किया गया। पहले दिन पेंटिंग, मेहंदी और नृत्य आदि गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को स्वस्थ रहने के लिए योगासन सिखाए। विद्यार्थियों को पेंटिंग व नृत्य कला का प्रशिक्षण दिया। साथ ही क्रिकेट के बेसिक नियमों को भी सिखाया। प्रधानाचार्य राहुल चौधरी ने बताया कि समर कैंप में बच्चों की रुचि के अनुसार खेल व अन्य गतिविधियों का आयोजन कराया गया। स्कूल चेयरमैन सूर्यवीर सिंह, प्रबंधक छाया सिंह ने बताया समर कैंप में बच्चों को कुछ नया सीखने का मौका मिलेगा। उप प्रधानाचार्या आशु पंडित ने बताया कि समर कैंप में बच्चों में टीमवर्क करने की भावना जाग्रत होती है। इस अवसर पर इंदू नामदेव, अंशिका मलिक, पीटीआई मनोज चौहान, पारुल सरोहा आदि मौूजद रहे।