शामली। शहर के मोहल्ला नंदू प्रसाद निवासी सुरक्षा गार्ड सुंदरम की हत्या में पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट पालिका कर्मचारियाें ने पालिका के ईओ को हड़ताल का नोटिस दिया है। उन्होंने केस का सही खुलासा न होने पर बृहस्पतिवार से सभी कर्मचारी हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है।
सुरक्षा गार्ड का शव एक सप्ताह पहले बाबरी क्षेत्र में आदमपुर-भाजू के बीच सड़क किनारे पड़ा मिला था। वह लालूखेड़ी बैंक के एटीएम पर सुरक्षा गार्ड था। मृतक के भाई शिवम की तरफ से बाबरी थाने पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने कैंटीन संचालक अमित निवासी गांव भौराकलां को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। इस मामले में वाल्मीकि समाज ने आंदोलन की चेतावनी दे रखी है। इस मामले में मंगलवार को उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ की तरफ से हड़ताल का नोटिस दिया है। नोटिस में चेतावनी दी गई कि अगर बुधवार शाम तक केस का सही खुलासा नहीं होता तो वे बृहस्पतिवार से पालिका के सभी कर्मचारी हड़ताल शुरू कर देंगे।