कांधला। कांधला देहात के सलेमपुर मार्ग पर पिछले कई महीनों से लगातार हो रहे जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। इस समस्या को लेकर बुधवार को भारतीय किसान यूनियन आजाद ने विकासखंड परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सहायक विकास अधिकारी कृषि जयदेव कुमार को ज्ञापन सौंपकर जलभराव की समस्या का त्वरित समाधान करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सलेमपुर मार्ग पर सड़क पर पानी जमा होने के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन आज़ाद के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकित चौहान और जिलाध्यक्ष मोहम्मद शाहरुख ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। ज्ञापन सौंपने के बाद अधिकारी ने समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
धरना प्रदर्शन के दौरान वाटसन, अब्जर, महिपाल, जितेंद्र, वामिक, सोनू, राहुल, दिलशाद, उमेद, कालू, इकराम, कलीम सहित दर्जनों बस्तीवासियों ने भाग लिया। ग्राम प्रधान चमन सिद्दीकी ने कहा कि बजट की कमी के कारण परेशानी हो रही है।